दिल्ली के केरल हाउस की कैंटीन में बीफ परोसे जाने के संदेह में दिल्ली पुलिस के छापे की सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है। हालांकि केरल के मुख्यमंत्री ने कहा है कि वो पूरा ब्यौरा लेने के बाद ही इस मामले में कुछ कहेंगे।
उन्होंने एक टीवी चैनल से बातचीत में कहा कि इस मामले में पुलिस को थोड़ा संयम बरतना चाहिए था। रिपोर्टों के मुताबिक दिल्ली पुलिस ने ये कार्रवाई हिंदू सेना नाम के एक संगठन की शिकायत पर की। लेकिन कांग्रेस नेता टॉम वडक्कन ने कहा है, "मैंने केरल भवन में खाना खाया है। दिल्ली पुलिस हिंदू सेना के आदेश पर मोरल पुलिसिंग कर रही है।"
जासूस कुट्टी नाम के एक यूजर ने ट्विटर हैंडल @JasoosKutty से लिखा, "केरल हाउस की कैंटीन को भैंस का मीट बेचने पर निशाना बनाया गया। हम पाकिस्तान का क्लोन बनने से कितनी दूर हैं?" वहीं एनएस माधवन ने @NSMlive से सवाल किया कि पता नहीं क्यों केरल हाउस के मैन्यू से भैंस के मांस से बने व्यंजन हटा लिए गए हैं।