गृह मंत्रालय की ओर से विधि आयोग की मृत्युदंड को खत्म करने की सिफारिश को खारिज करने की संभावना है। मंत्रालय का मानना है कि आतंकवाद के खतरे को देखते हुए अभी इसे पूरी तरह से समाप्त करने का उपयुक्त समय नहीं है।
केंद्रीय गृह सचिव राजीव महर्षि व अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने विधि आयोग की सौंपी गई रिपोर्ट जिसमें आतंकवाद संबंधी मामलों को छोड़कर मृत्युदंड को खत्म करने की सिफारिश की गई थी, पर विस्तृत चर्चा की थी।
गृह मंत्रालय के साथ ही कानून मंत्रालय में चर्चा जारी है और इस मामले में अंतिम निर्णय इस सप्ताह लिया जा सकता है। गृह मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि ऐसा लगता है कि मृत्युदंड को खत्म करने की सिफारिश को खारिज कर दिया जाएगा।