स्पाइसजेट को अपनी आठ विशेष फ्लाइटों में हवा में होली मनाना महंगा पड़ गया है। डीजीसीए ने इस पर सख्त आपत्ति जताते हुए दो पायलटों को सस्पेंड करने के अलावा कंपनी को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है।
सोमवार को स्पाइसजेट की फ्लाइट में केबिन क्रू के सदस्य होली के मौके पर डांस करते दिखाई दिए। उनके साथ कुछ यात्री भी डांस कर रहे थे। इसके वीडियो यूट्यूब समेत कई सोशल मीडिया पर भी अपलोड कर दिए गए।
लोगों ने बनाए वीडियो, हुए वायरल
वीडियो में एक पायलट होली के जश्न की फोटो लेते हुए देखा जा सकता है। इस हरकत की वजह से दो पायलटों को सस्पेंड कर दिया गया है।
17 मार्च को होली के दिन स्पाइसजेट की आठ स्पेशल फ्लाइटों ने उड़ान भरी थी, जिसमें डांस कार्यक्रम करने के लिए अतिरिक्त केबिन क्रू को शामिल किया गया था।
खतरे में पड़ सकती थी लोगों की जिंदगी?
वीडियो में दिख रहा है कि 'ये जवानी है दीवानी' फिल्म के गाने 'बलम पिचकारी' पर स्पाइसजेट में हो रहा है डांस। अबीर गुलाल भी उड़ रहा है और एयरहोस्टेस भी ठुमके लगा रही हैं।
इसके बाद एक पायलट भी होली के खुमार में कॉकपिट से बाहर निकल आता है और इस डांस में शामिल हो जाता है। लोग अपने स्मार्टफोन में इस वाकये को रिकॉर्ड करने लगते हैं।
अब डीजीसीए ने वीडियो देखने के बाद माना है कि इस हरकत में लोगों की जान खतरे में पड़ सकती थी। डीजीसीए प्रमुख प्रभात कुमार ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।
कंपनी ने दी ये सफाई
कंपनी ने 17 मार्च को आठ विशेष उड़ानों का इंतजाम किया था जिनमें होली खेली जानी थी। होली के मौके पर कंपनी ने अपने रेट भी सामान्य दिनों की तुलना में बेहद कम कर लिए थे।
कंपनी में अपनी सफाई में कहा है कि कॉकपिट में हर समय पायलट मौजूद रहते हैं। कंपनी के प्रवक्ता ने कहा कि ये मात्र ढाई मिनट का कार्यक्रम था।
उन्होंने कहा कि ऐसा दुनियाभर की विमानन कंपनियां करती हैं और मात्र ये यात्रियों को खुश करने का एक प्रयास था।