राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघ चालक मोहन भागवत का कहना है कि हिन्दू अपना बचाव कर सकता है, लेकिन कभी दूसरों पर हमला नहीं करता है। इसलिए हिन्दू कभी भी आतंकवादी नहीं हो सकता है। भागवत ने छत्तीसगढ के कवर्धा जिले के बोडला में आयोजित हिन्दू संगम में बडी संख्या में आदिवासियों को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि हिन्दू अपना बचाव तो करता है, लेकिन दूसरों पर कभी आक्रमण नहीं करता। इसलिए हिन्दू कभी भी आतंकवादी नहीं हो सकता है। उन्होंने कहा कि जो लोग इस बात को नहीं मानते हैं वे हिन्दू संस्कृति को भी नहीं समझते है।
संघ प्रमुख ने इसाई मिशनरी पर निशाना साधा और कहा कि देश के लोगों की सेवा करने के लिये किसी को बाहर से आने की जरूरत नहीं, लेकिन जिन लोगों ने धर्म परिवर्तन किया है और ऐसा करने वाले है उन्हें वापस हिन्दू धर्म में लाना और उनका ध्यान रखना समाज की जिम्मेदारी है।
भागवत ने स्वामी विवेकानंद के संदेश का जिक्र करते हुए कहा कि हिन्दुओं को अपना आत्मविश्वास नहीं टूटने देना चाहिए। सब लोगों में राम हैं यह सोचकर भेदभाव को त्यागना होगा।