अमेरिका की पूर्व विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन राष्ट्रपति पद की दौड़ में एक बार फिर शामिल हुई हैं, लेकिन उन पर विवादों का साया उनकी राह मुश्किल कर रहा है। हाल ही में सरकारी कामों में निजी ईमेल के इस्तेमाल का मुद्दा अभी पूरी तरह शांत भी नहीं हुआ था कि अब हिलेरी एक और मामले में फंसती नजर आ रही हैं।
नये विवाद में हिलेरी के पति बिल क्लिंटन की संस्था ‘क्लिंटन फाउंडेशन’ को रूसी यूरेनियम कंपनी से पैसे मिलने के आरोप लगाए जा रहे हैं। कहा जा रहा है कि रूस के साथ हुए यूरेनियम सौदे की एवज में उनके फाउंडेशन को ये पैसे मिले। हालांकि हिलेरी की चुनाव टीम के मुताबिक यह आरोप बेबुनियाद हैं। उनके मुताबिक इस संबंध में कोई सबूत नहीं हैं।
उल्लेखनीय है कि रूस की परमाणु ऊर्जा एजेंसी रोसेटॉम ने कनाडाई कंपनी का अधिग्रहण कर लिया था। जब इस सौदे को मंजूरी दी गई थी, तब हिलेरी क्लिंटन विदेश मंत्री थीं। कहा जाता है कि कनाडाई खनन उद्योग के नेता अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन और उनके परिवार की संस्था को दान देते रहे हैं।
इन लोगों ने रूस को यूरेनियम वन नाम की कंपनी बेची। इस कंपनी के बिकने का अंजाम यह हुआ कि अमेरिका की कुल यूरेनियम उत्पादन क्षमता का पांचवां हिस्सा रूस के नियंत्रण में चला गया। ऐसे में इस सौदे को लेकर सवाल उठने लगे। इसी बीच क्लिंटन फाउंडेशन को मिले दान की वजह से हिलेरी पर उंगली उठने लगी। यह विवाद अब तक उनका पीछा कर रहा है।