लोकसभा चुनाव के छठे चरण में भी बृहस्पतिवार को जमकर वोटिंग हुई। इस चरण में पश्चिम बंगाल सबसे आगे रहा, जहां छह सीटों पर 82 फीसदी से ज्यादा वोट पड़े।
कुल 11 राज्यों और एक केंद्र शासित क्षेत्र की 117 सीटों के लिए हुआ मतदान शांतिपूर्ण रहा।
इस चरण में सुषमा स्वराज, मुलायम सिंह यादव, सलमान खुर्शीद, हेमा मालिनी, प्रिया दत्त, मेधा पाटकर और अमर सिंह समेत 2097 उम्मीदवारों की किस्मत इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन में बंद हो गई है।
उत्तर प्रदेश की 12 सीटों पर 58.58 फीसदी मतदान
उत्तर प्रदेश की 12 सीटों पर 58.58 फीसदी मतदान हुआ, जबकि महाराष्ट्र की 19 सीटों पर 55.33 फीसदी से ज्यादा वोट पड़े।
राजस्थान में पांच सीटों पर 62.82 प्रतिशत, छत्तीसगढ़ की सात सीटों पर 62.5 प्रतिशत, मध्य प्रदेश की दस सीटों पर 64.4 प्रतिशत मतदान हुआ।
तमिलनाडु की सभी 39 सीटों पर 73 फीसदी वोट पड़े, जबकि बिहार की सात सीटों पर भी 60 फीसदी मतदान दर्ज किया गया।
ईवीएम में बंद हुआ दिग्गजों का भाग्य
झारखंड की चार सीटों पर 63.4 फीसदी और असम की छह सीटों पर 77.05 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
जिन दिग्गजों का भाग्य ईवीएम में बंद हुआ, उनमें अजहरुद्दीन, सुचित्रा महाजन, दीपा दास मुंशी, करुणा शुक्ला, ए.राजा, कार्ति चिदंबरम, अभिजीत मुखर्जी, जयंत चौधरी, मिलिंद देवड़ा, अनंत गीते और राखी सावंत भी शामिल हैं।
बॉलीवुड ने दिया वोट
बॉलीवुड भी मतदान में पीछे नहीं रहा। मुंबई में रेखा, आमिर खान, विद्या बालन, सनी देओल, सोनम कपूर सुबह सबसे पहले मतदान करने वालों में शामिल रहे। धर्मेंद्र, प्रसून जोशी, किरण खेर, सिकंदर खेर, जूही चावला, शिल्पा शेट्टी, कुणाल कपूर, श्रेया घोषाल, दीया मिर्जा, जॉन अब्राहम, फरहान अख्तर, रितेश देशमुख भी वोट डालने पहुंचे।
बृहस्पतिवार को अपना 41वां जन्मदिन मना रहे भारत रत्न सचिन तेंदुलकर अपनी पत्नी अंजली के साथ मुंबई के बांद्रा में वोट डालने पहुंचे। सचिन हाल ही में मुंबई से लौटे हैं।