बांबे हाईकोर्ट ने अभिनेता सलमान खान को राहत देते हुए उनके खिलाफ कोर्ट की अवमानना संबंधी एक निजी शिकायत पर मजिस्ट्रेट कोर्ट में चल रही सुनवाई पर रोक लगा दी है।
सलमान के वकील रवि कदम ने कोर्ट में दलील दी कि 2002 हिट एंड रन केस में अभिनेता ने सत्र अदालत से सुनवाई के दौरान मौजूद रहने की प्रतिबद्धता जताई थी और इसलिए मजिस्ट्रेट को सामाजिक कार्यकर्ता हेमंत पाटिल की अवमानना संबंधी शिकायत पर सलमान को नोटिस भेजने का अधिकार नहीं है।
इसके बाद जस्टिस एमएल ताहिलयानी ने नोटिस पर रोक लगाकर अगले आदेश तक सलमान के खिलाफ चल रही सुनवाई पर रोक लगा दी।
जस्टिस ताहिलयानी ने सलमान की बांद्रा मजिस्ट्रेट कोर्ट में कार्यवाही रद्द करने संबंधी याचिका पर जवाब दाखिल करने के लिए हेमंत पाटिल को तीन सप्ताह का समय दिया है।