सांसद हेमा मालिनी राजस्थान के दौसा में सड़क दुर्घटना में घायल हुईं तो शुभचिंतक उनकी कुशलता की कामना ठाकुर बांके बिहारी से करते देखे गए। वहीं हेमा जिस मर्सडीज से जयपुर जा रहीं थीं, उसके चालक के परिवार की ओर देखने वाला कोई नहीं है।
चालक महेशचंद्र ठाकुर के परिवार को शुक्रवार सुबह घटना की जानकारी हुई। वे वृंदावन के समीपवर्ती गांव कीकी का नगला में रहते हैं। जानकारी होते ही महेश के छोटे भाई दिनेश और नरेश जयपुर रवाना हो गए।
महेश की पत्नी रेखा का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता राम सिंह और मां गंगा देवी का कहना है कि महेश के चार छोटे छोटे बच्चे हैं। हम बहुत गरीब हैं। पूरे परिवार का पालन पोषण करने वाला महेश ही है। तीन साल से वह कन्हाई परिवार की गाड़ी चलाकर अपने परिवार को पाल रहा है।
महेश की पत्नी रेखा ने बताया कि गुरुवार की दोपहर अचानक तीन बजे महेश आए और कहा कि दो तीन दिन के लिए गाड़ी लेकर बाहर जा रहे हैं। मां-पिताजी और बच्चों का ध्यान रखना। रेखा ने बताया कि उनका आठ माह का बेटा कुलदीप बीते कई दिन से बीमार है। बता दें कि गुरुवार शाम को दौसा में हुए हादसे में पुलिस ने मर्सडीज चला रहे महेश को लापरवाही से गाड़ी चलाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया था।