ब्रज क्षेत्र में बिजली गिरने से सात लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक मैनपुरी, तीन मथुरा, एक जलेसर और दो भरतपुर के निवासी हैं।
मंगलवार को बारिश के दौरान आगरा के सिकंदरा स्थित अकबर के मकबरे पर भी बिजली गिर गई। इससे स्मारक की संगमरमरी मीनार के कुछ पत्थर टूटकर नीचे आ गिरे। जगह-जगह बारिश हुई और तेज हवाएं भी चलीं। दर्जनों स्थानों पर छप्पर और टीनशेड उड़ गए।
मैनपुरी जिले के भोगांव क्षेत्र के गांव परसादपुर में बिजली गिरने से चरन सिंह (40) की मौत हो गई। बेवर के गुलालपुर में तीन भैंसें भी मर गईं। निर्माणाधीन सैनिक स्कूल में हवा में उड़ी टीनशेड की चपेट में आकर काम कर रहे दो श्रमिकों सहित तीन लोग घायल हो गए।
मथुरा के मगोर्रा और बलदेव में बिजली गिरने से एक महिला और एक वृद्ध की मौत हो गई। गांव कामर में बरसात के दौरान गिरी बिजली से एक किसान की मौत हुई। शेरगढ़़ के गांव बहटा में एक किसान की दो भैंस मर गई।