पूर्वांचल में बुधवार की रात से शुरू हुआ बारिश का क्रम गुरुवार को भी दिनभर रुक-रुककर जारी रहा। इसके चलते कई जिलों में जगह-जगह कच्चे मकान गिर गए।
वाराणसी में दो स्थानों पर मकान की चपेट में आने से जहां मां-बेटे समेत तीन लोगों की मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गए वहीं चंदौली में दो लोगों ने जान गंवा दी। गाजीपुर में भी कच्चा मकान गिरने से दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
वाराणसी के चोलापुर में गुरुवार को कच्चे मकान की दीवार ढहने से उसकी चपेट में आकर सुमन (30) और उसके डेढ़ वर्षीय पुत्र चिंटू की मौत हो गई, जबकि परिवार के तीन लोग घायल हो गए।
उधर, सिगरा में नगर निगम प्रेक्षागृह की दीवार ढहने से मलबे में दबकर उद्यान विभाग के माली की बेटी कुमकुम (13) की भी मौत हो गई।