मध्य पाकिस्तान और राजस्थान में आए पश्चिमी विक्षोभ का असर पहाड़ों के साथ-साथ मैदानी इलाकों में देखने को मिल रहा है। मंगलवार को दिल्ली-एनसीआर समेत जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और उत्तरी राजस्थान में बारिश हुई।
दिल्ली में देर शाम शुरू हुई बारिश रात तक कहीं तेज तो कहीं धीमी होती रही। बुधवार शाम को भी मौसम का असर दिखाई देगा। मौसम विभाग ने आंधी-बारिश की चेतावनी दी है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार को बारिश हुई। बुधवार शाम को भी उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों के साथ-साथ मैदानी इलाकों में भी आंधी के साथ बारिश हो सकती है।
हालांकि, एनसीआर में बारिश बहुत तेज नहीं होगी। बारिश से 35-36 डिग्री सेल्सियस के बीच चल रहे अधिकतम तापमान में 3-4 डिग्री की गिरावट अगले दो-तीन दिन तक रहेगी।
मौसम वैज्ञानिकों ने 5-6 अप्रैल को भी जम्मू-कश्मीर में हल्की बारिश/बर्फबारी की संभावना जताई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान केंद्र के अनुसार, 9 अप्रैल को फिर से हिमालय क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ असर दिखाएगा।
मंगलवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 36 डिग्री दर्ज किया गया जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री नीचे 17.8 डिग्री दर्ज किया गया। अधिकतम आर्द्रता 84 और न्यूनतम 25 फीसदी दर्ज की गई।