जिंदल समूह से सौ करोड़ रुपये की उगाही के प्रयास के आरोपों में गिरफ्तार जी न्यूज के दो संपादकों सुधीर चौधरी और समीर अहलूवालिया की जमानत पर सुनवाई टल गई है। इस मामले में अगली सुनवाई 3 दिसंबर को होगी। कांग्रेस सांसद नवीन जिंदल की कंपनी के कथित तौर पर कोयला घोटाले में शामिल होने की खबर प्रसारित नहीं करने के बदले में पैसे मांगने के आरोप में सुधीर और समीर को 27 नवंबर को गिरफ्तार किया गया था।
इससे पहले साकेत स्थित मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट गौरव राव के आदेश पर शुक्रवार को सुधीर चौधरी और समीर अहलूवालिया को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल भेज दिया गया। अदालत ने दोनों संपादकों के उस तर्क को खारिज कर दिया, जिसमें उन्होंने अपनी जान को खतरा बताते हुए जेल में अन्य कैदियों से अलग रखने का आग्रह किया था।
दोनों की रिमांड अवधि समाप्त होने पर शुक्रवार को साकेत स्थित मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट गौरव राव के समक्ष पेश किया गया। जांच अधिकारी ने अदालत को बताया कि मामले की जांच जारी है और जी न्यूज के सेल्स हेड अमित त्रिपाठी, चेयरमैन सुभाष चंद्रा के भाई एवं निदेशक जवाहर गोयल व लीगल हेड ए. मोहन को पूछताछ के लिए बुलाया गया था। उन्होंने कहा कि मामले की तह तक पहुंचने के लिए कई अन्य लोगों से भी पूछताछ होगी।
अदालत ने दोनों आरोपियों पर धारा 420 को हटाने पर जांच अधिकारी से कहा यदि 420 के साक्ष्य सामने आते हैं तो पुलिस फिर से इस धारा को लगा सकती है। 28 नवंबर को दोनों की रिमांड देते हुए मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट गोमती मिनोचा ने धारा 420 को आधारहीन मानते हुए इसे हटा दिया था।