कई तरह के उतार चढ़ाव के बीच साल 2014 बीतने वाला है। इस साल हम कई नई घटनाओं से रूबरू हुए लेकिन बहुत सी ऐसी बातें थी जो हम 2014 से पहले तक नहीं जानते थे। आइए नजर डालते हैं ऐसी ही कुछ बातों पर।
ऑटो से कम खर्चे में मंगल मिशन
भारत ने अपने मंगल मिशन (मॉम) में पहले ही प्रयास में कामयाबी हासिल की। इतना ही नहीं इसरो ने इसे बेहद कम खर्च करीब सात रुपए प्रति किलोमीटर की दर से ही पृथ्वी से मंगल तक की दूरी तय की। भारत ने इस मिशन को करीब 74 मिलियन डॉलर के खर्च में ही पूरा कर लिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे देश के लिए ऐतिहासिक क्षण बताया और मिशन में शामिल वैज्ञानिकों को बधाई दी। प्रधानमंत्री ने विदेश दौरे पर भी इस बात का जिक्र किया कि जितने खर्चे में ऑटो भी नहीं चलता, उतने में हमने इस मिशन को पूरा किया। क्या 2014 से पहले हमें पता था कि भारत इतने कम खर्च में मंगल पहुंच जाएगा?
इतना धनी हो सकता कोई आतंकी संगठन
पाकिस्तान का आतंकी संगठन अलकायदा कभी दुनिया का सबसे ताकतवर संगठन माना जाता था लेकिन 2014 में खतरनाक इस्लामिक चरमपंथी संगठन आईएसआईएस (इस्लीमिक स्टेट इन ईराक एंड सीरिया) के उदय ने पूरी दुनिया को हैरान कर दिया है।
बिजनेस इन्साइडर डॉट कॉम के मुताबिक, सुन्नी आतंकी संगठन आईएसआईएस फिरौती और तेल के अवैध कारोबार के जरिए 10 लाख डॉलर से तीस लाख डॉलर (तकरीबन 61 करोड़ से एक अरब 83 करोड़ रुपए) रोजाना कमाता है। कई विशेषज्ञों का मानना है कि सीरिया के 60 फीसदी तेल-क्षेत्र पर आईएसआईएस का कब्जा है।
आईएसआईएस गैस, कृषि उत्पादों को बेचकर भी पैसे कमाता है। कमाई के अकूत साधनों के कारण आईएसआईएस ने अलकायदा को कहीं पीछे छोड़ चुका है। संगठन के सरगना अबू बकर अल बगदादी 'खलीफा' और दुनिया में मुस्लिमों का नेता घोषित है। आईएस की ताकत के बारे में हमें 2014 से पहले नहीं पता था ना?