कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के दामाद राबर्ट वाड्रा हरियाणा के जमीन सौदे विवाद में बुरी तरह घिर सकते हैं। कैग रिपोर्ट में सौदे में अनियमितता सामने आने के बाद इससे जुड़े सौदे की जांच में तेजी लाई जाएगी।
शुक्रवार को राज्य के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से हुई मुलाकात में सीएजी रिपोर्ट पर लंबी चर्चा हुई। इस बैठक में सीएजी के निष्कर्षों के आधार पर सभी सौदों की तेजी से जांच कराने पर सहमति बनी।
करीब एक घंटे तक चली इस मुलाकात के दौरान मंत्रिमंडल विस्तार और जाट आरक्षण पर भी चर्चा हुई। माना जा रहा है कि खट्टर बंगलूरू में होने वाली पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के बाद मंत्रिमंडल विस्तार को अंतिम रूप देंगे।
उल्लेखनीय है कि कैग ने वित्त वर्ष 2013-14 की अपनी रिपोर्ट में राबर्ट वाड्रा की कंपनी स्काइलाइट हॉस्पिटेलिटी सहित कई अन्य कंपनियों पर किसानों की जमीन कौड़ियों के भाव खरीद रियल स्टेट कंपनियों को कई गुणा अधिक कीमत पर बेच कर भारी मुनाफा कमाने की पुष्टि की है।