गुजरात के एक स्कूल में एक मुस्लिम लड़की को एडमिशन न देने का मामला सामने आया है। अहमदाबाद के एक निजी स्कूल पर आरोप है कि स्कूल ने बच्ची के साथ धर्म के आधार पर भेदभाव किया।
इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक बच्ची की मां ने जिला शिक्षा अधिकारियों को गुरुवार को शिकायत में आरोप लगाया है कि आरएच कपाड़िया न्यू हाई स्कूल ने मुस्लिम होने के कारण उनकी बच्ची का एडमिशन करने से मना कर दिया।
प्रशासन ने मामले के जांच के आदेश दे दिए हैं और शुक्रवार को पूछताछ होनी है।
रायखड़ क्षेत्र में रहने वाली जाहिरा स्कूल का मिड-टर्म एडमिशन का एक विज्ञापन देखकर अपनी बच्ची के एडमिशन के लिए बुधवार को स्कूल में गई थीं।
जाहिरा ने बताया कि वह स्कूल के संचालक से भी मिलीं और प्रवेश प्रक्रिया के संबंध में बात की। स्कूल ने अगले दिन बेटी को लेकर बुलाया भी था। लेकिन जब वह एडमिशन फॉर्म खरीदने गईं तो इनचार्ज ने रजिस्टर में दर्ज करने के लिए बच्ची और पिता का नाम, सरनेम व पता पूछा और फिर फॉर्म देने से रुक गई।
स्कूल की नीति बताकर किया मना
उन्होंने बताया कि इंचार्ज ने एडमिशन देने से मना करते हुए कहा कि स्कूल में मुसलमानों को एडमिशन नहीं दिया जाता है। जाहिरा ने शिकायत की है कि स्कूल इंचार्ज ने इसे स्कूल की नीति कहा था। उन्होंने कहा कि स्कूल में कई बहानों से प्रवेश न देने की घटनाएं होती हैं लेकिन धर्म के आधार पर मना करने का यह पहला मामला है।
अहमदाबाद के जिला शिक्षा अधिकारी का कहना है कि अगर शिकायत सही पाई गई तो स्कूल के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं, कई कोशिशों के बाद भी स्कूल प्रशासन से संपर्क नहीं किया जा सका।
गुजरात मानवाधिकार आयोग, दिल्ली में मानवाधिकारी आयोग, राज्यपाल और शिक्षा बोर्ड के सचिव को भी शिकायत की गई है।