स्नूपगेट में नरेंद्र मोदी के लिए मुश्किलें खड़ी करने वाले निलंबित आईएएस अधिकारी प्रदीप शर्मा को भ्रष्टाचार के एक मामले में गिरफ्तार कर लिया गया है। शर्मा को मंगलवार को गिरफ्तार किया गया।
सोमवार को कथित मनी लांड्रिंग के एक मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने उनकी संपत्ति जब्त कर ली थी। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के निदेशक (प्रभारी) आशीष भाटिया ने बताया कि शर्मा को मंगलवार को भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत गिरफ्तार किया गया।
उनके खिलाफ सोमवार को शिकायत दर्ज कराई गई थी। शर्मा पर एक निजी कंपनी वेलस्पन से 29 लाख रुपये की रिश्वत लेने का आरोप है। आरोप के मुताबिक शर्मा जब कच्छ के जिलाधिकारी थे तो उन्होंने इस कंपनी को कुछ फायदा पहुंचाने के एवज में 29 लाख रुपये लिए थे।
गौरतलब है एक महिला आर्किटेक्ट की कथित जासूसी कराने के मामले में शर्मा मोदी के सहयोगी और अब भाजपा के अध्यक्ष अमित शाह के खिलाफ सीबीआई जांच कर चुके हैं।
दो न्यूज पोर्टल ने एक सनसनीखेज खुलासे में कुछ ऐसे सीडी जारी किए थे, जिनमें महिला से संबंधित अमित शाह और गुजरात पुलिस के दो अधिकारियों की बातचीत रिकार्ड थी।
वर्ष 2009 के अगस्त और सितंबर के बीच रिकार्ड इस बातचीत में मोदी का जिक्र तो नहीं किया गया था लेकिन ‘साहेब’ शब्द बार-बार आया था।
दोनों न्यूज पोर्टल का दावा था कि यह शब्द गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए इस्तेमाल किया गया था। कहा गया था कि महिला आर्किटेक्ट की जासूसी नरेंद्र मोदी के इशारे पर की गई थी।