भाजपा और कांग्रेस के बाद अब गुजरात परिवर्तन पार्टी (जीपीपी) ने घोषणा पत्र जारी करते हुए अपने वादों का पिटारा खोला है। जीपीपी ने सभी शहरी बेघरों को घर तथा ग्रामीण क्षेत्रों में बेघरों को 110 गज जमीन देने का वादा किया है। साथ ही घर बनवाने के लिए एक लाख रुपये ब्याज रहित ऋण देने की बात भी कही है।
जीपीपी के महामंत्री मोगधन झड़फिया ने बुधवार को घोषणा पत्र जारी करते हुए कहा कि केंद्र और गुजरात सरकार की ओर से बढ़ाई गई महंगाई से लोगों का जीना दूभर हो गया है। अगर उनकी सरकार बनती है तो घरेलू गैस सिलेंडरों पर सौ रुपये और रियायत दी जाएगी, किसानों को आवेदन के 90 दिनों के अंदर बिजली कनेक्शन दिया जाएगा और पेट्रोल, डीजल व सीएनजी में वैट पर 30 प्रतिशत राहत दी जाएगी। साथ ही जीवन रक्षक दवाओं से वैट भी हटाया जाएगा।
दूसरे चरण के उम्मीदवारों की सूची जारी
गुजरात विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में भाजपा, कांग्रेस, जीपीपी सहित विभिन्न पार्टियों के 820 प्रत्याशी अपना भाग्य आजमाएंगे। चुनाव आयोग ने गुजरात विधानसभा के दूसरे चरण में होने वाले मतदान के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। दूसरे चरण में 95 सीटों पर 17 दिसंबर को मतदान होगा। सूची में मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी, पूर्व गृह राज्य मंत्री अमित शाह सहित कई नेताओं के नाम शामिल हैं।