गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी पर टिप्पणी को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अर्जुन मोधवडिया विवादों में घिर गए हैं। मोदी पर टिप्पणी और उनकी तुलना जानवरों से करने को लेकर चुनाव आयोग ने मोधवाडिया को कारण बताओ नोटिस दिया है। उनसे 24 नवंबर तक जवाब देने को कहा गया है।
मोधवाडिया के 2 नवंबर को वडोदरा में दिए गए विवादास्पद भाषण पर आपत्ति जताते हुए भाजपा सांसद और प्रदेश इकाई के महासचिव बालकृष्ण शुक्ला ने चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराई थी। आयोग ने मोधवाडिया के भाषण की सीडी सुनने के बाद उन्हें नोटिस भेजा है।
नोटिस में कहा गया है कि आपने (मोधवाडिया) प्रथम दृष्टया आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन किया है, जिसमें प्रतिद्वंद्वी राजनीतिक पार्टियों के नेताओं पर निजी हमले की मनाही है, इसीलिए चुनाव आयोग आपको कारण बताओ नोटिस दे रहा है कि आपके खिलाफ कार्रवाई क्यों न की जाए।
आयोग ने 24 नवंबर तक नोटिस का जवाब देने को कहा है। अगर मोधवाडिया तय समय तक जवाब देने में असफल रहते हैं तो समझा जाएगा कि उनके पास कहने के लिए कुछ नहीं है और फिर बिना कोई अन्य चेतावनी दिए उन पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि 2 नवंबर को वडोदरा में भाषण के दौरान मोधवाडिया ने लगातार प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को निशाना बनाने और केंद्रीय मंत्री शशि थरूर की पत्नी सुनंदा पुष्कर पर टिप्पणी को लेकर मोदी की खिंचाई की थी। उन्होंने साथ ही मोदी की तुलना जानवरों से की थी।