‘मोदी एक ऐसे बंदर की तरह हैं, जो पेड़ पर चढ़कर जंगल के राजा शेर यानी प्रधानमंत्री को लड़ने की चुनौती दे रहा है।’ गुजरात कांग्रेस अध्यक्ष अर्जुन मोधवाडिया की इस टिप्पणी से भाजपा नाराज है।
गुजरात के मुख्यमंत्री की तुलना बंदर से करने पर भाजपा ने चुनाव आयोग के समक्ष शिकायत भी दर्ज करा दी है।
जूनागढ़ में एक चुनावी रैली के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘मोदी के पास पिछले कई साल में गुजरात में हुए काम को लेकर कहने को कुछ भी नहीं है।
मगर आए दिन वह सोनिया जी और मनमोहन सिंह पर दोष मढ़ते रहते हैं। यहां तक कि उन्होंने पीएम को अपने खिलाफ गुजरात में चुनाव लड़ने की चुनौती भी दे डाली है। वह एक ऐसे बंदर की तरह हैं, जो पेड़ पर चढ़कर जंगल के राजा को लड़ने की चुनौती दे रहा है। वह यह नहीं जानता है कि बंदर को कभी न कभी जमीन पर उतरना ही होगा।’
इस टिप्पणी से नाराज भाजपा ने आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के मामले में चुनाव आयोग को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की शिकायत की है। भाजपा अध्यक्ष परेंदु भगत ने कहा, ‘मीडिया रिपोर्ट के आधार पर हमने अर्जुन मोधवाडिया के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। हमने रैली की वीडियो फुटेज भी आयोग को सौंपी है।’