केंद्र से चल रही अदावत के बीच मिजोरम के राज्यपाल अजीज कुरैशी को पद से बर्खास्त कर दिया गया है। राष्ट्रपति भवन ने अधिसूचना जारी कर कुरैशी को तत्काल पद से हटाए जाने की जानकारी दी है।
इस बीच, नई व्यवस्था होने तक पश्चिम बंगाल के राज्यपाल केशरी नाथ त्रिपाठी को मिजोरम के गवर्नर का अतिरिक्त जिम्मा संभालने को कहा गया है। कुरैशी का कार्यकाल मई 2017 में पूरा होना था।
केंद्र में नरेंद्र मोदी सरकार आने के बाद से ही यूपीए के कार्यकाल में नियुक्त राज्यपालों की विदाई का सिलसिला शुरू हो गया था। इस क्रम में करीब दर्जन भर राज्यपालों की विदाई हुई, जिनमें उत्तर प्रदेश के राज्यपाल रहे बीएल जोशी भी शामिल थे। कुरैशी को भी इस दौरान इस्तीफे के लिए गृह मंत्रालय से संदेश भेजा गया।
मगर कुरैशी ने इस्तीफा देने से पहले सुप्रीम कोर्ट में राज्यपाल को हटाए जाने के लिए दबाव डालने को मुद्दा बनाते हुए याचिका दायर कर दी। इसके बाद कुरैशी को उत्तराखंड से हटाकर मिजोरम भेज दिया गया। लेकिन शनिवार को राष्ट्रपति भवन ने अधिसूचना जारी कर उन्हें हटाने का ऐलान कर दिया।