नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) को बहुसदस्यीय बनाने संबंधी केंद्रीय मंत्री नारायणसामी के बयान पर प्रतिक्रिया जताते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि न केवल कांग्रेस, बल्कि भाजपा भी इस संवैधानिक संस्था को कमजोर करना चाहती है।
केजरीवाल ने सोमवार को कहा कि कुछ राज्यों में भाजपा और कुछ राज्यों में कांग्रेस की सरकार है। ऐसे में दोनों पार्टियां मिलकर चाहेंगी कि कैग कमजोर बने। उन्होंने कहा कि नारायणसामी के बयान के बाद कैग को लेकर सरकार की मंशा साफ हो गई है। अब जरूरत यह तय करने की है कि कैग की नियुक्ति कैसे हो। केजरीवाल ने कहा कि सबसे जरूरी है कि कैग को राजनीतिक प्रणाली से अलग रखा जाए। ऐसी नियुक्ति में राजनीतिक हस्तक्षेप नहीं होना चाहिए।