जम्मू कश्मीर में नई सरकार के गठन का फार्मूला अबतक तय नहीं हो पाया है। गतिरोध के मद्देनजर पीडीपी अध्यक्ष का सोमवार को प्रस्तावित दिल्ली दौरा टल गया है। सोमवार को वह दिल्ली नहीं पहुंची। इस बीच पीडीपी नेता और जम्मू कश्मीर के पूर्व वित्त मंत्री डा. हसीब द्राबू गठबंधन एजेंडा को लागू करने का समयबद्ध कार्यक्रम तय करने की कोशिश में जुटे हैं।
नई सरकार के गठन की नई पटकथा लिखने की जिम्मेदारी फिर से द्राबू और भाजपा महासचिव राम माधव पर आ गई है। द्राबू की भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, वित्त मंत्री अरुण जेटली, गृह मंत्री राजनाथ सिंह और रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर से मुलाकात हो चुकी है लेकिन महत्वपूर्ण बिन्दुओं को लागू करने के लिए कलेंडर तलाशा नहीं जा सका है।
द्राबू की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से भी मुलाकात का कार्यक्रम है लेकिन जाट आंदोलन के कारण उत्पन्न स्थिति ने इस मुलाकात की राह में रोड़े अटकाए। सूत्रों का कहना है कि सभी विवादास्पद बिन्दुओं पर सहमति बन जाने के बाद ही मोदी की द्राबू और महबूबा से मुलाकात संभव हो सकेगी।