कल दिल्ली में हादसे का शिकार हुए केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री गोपीनाथ मुंडे के समर्थक अंतिम संस्कार के दौरान उनके संसदीय क्षेत्र बीड़ में भड़क गए। उग्र समर्थकों ने जमकर हंगामा करने हुए कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया।
समर्थकों ने पुलिस की गाड़ी में भी आग लगा दी। समर्थकों की मांग है कि मुंडे की मौत की सीबीआई जांच करवाई जाए। उन्होंने कल हुए हादसे को विरोधियों की साजिश करार दिया है।
उद्धव ने भी की सीबीआई जांच की मांग
गोपीनाथ मुंडे के अंतिम संस्कार में शामिल हुए शिवसेना प्रमुख ने भी हादसे की जांच कराने की बात कही। उद्धव ठाकरे ने कहा कि कल के हादसे की सीबीआई जांच होनी चाहिए। ताकि सच्चाई सामने आ सके।
इससे पहले महाराष्ट्र भाजपा ईकाई के नेता अवघूत वाघ ने भी इसके पीछे विरोधियों की साजिश बताते हुए जांच की मांग की थी। हालांकि केंद्र पहले से ही इस पूरे मामले की जांच आईबी और स्पेशल सेल को सौंप चुका है।
बेटी पंकजा ने दी पिता को मुखाग्नि
महाराष्ट्र में भाजपा के दिग्गज नेता और केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री गोपीनाथ मुंडे का शरीर पंचतत्व में विलीन हो गया। मुंडे के पैतृक गांव परली में उनकी बेटी पंकजा ने उन्हें मुखाग्नि दी।
इससे पहले गोपीनाथ मुंडे के अंतिम दर्शनों के लिए परली में समर्थकों का भारी सैलाब उमड़ पड़ा। भीड़ इतनी ज्यादा थी कि मुंडे की बेटी पंकजा को खुद लोगों से शांति की अपील करनी पड़ी।
मुंडे को श्रद्धांजलि देने के लिए शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे, आरपीआई के रामदास अठावले और भाजपा व कांग्रेस के दिग्गज नेता पहुंचे।
शोक में डूबे भाजपा कार्यकर्ता
इससे पहले गोपीनाथ मुंडे का पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए उनके पैतृक गांव परली ले जाया गया। मुंडे का शव विशेष विमान से परली लाया गया।
सुबह मुंबई के भाजपा कार्यालय में उनका शव अंतिम दर्शन के लिए रखा गया था। भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें अश्रुपूर्ण श्रद्धांजलि दी।
मुंडे महाराष्ट्र में भाजपा का बड़ा चेहरा थे। पिछले सप्ताह ही मुंडे को ग्रामीण विकास मंत्री बनाया गया था।
लोकसभा में गोपीनाथ मुंडे को श्रद्धांजलि
वहीं, 16वीं लोकसभा के प्रथम सत्र के पहले दिन सांसदों ने 2 मिनट का मौन रखकर दिवंगत केंद्रीय मंत्री गोपीनाथ मुंडे को श्रद्धांजलि दी।
प्रोटेम स्पीकर बनाए गए कांग्रेस सांसद कमलनाथ ने मुंडे को श्रद्धांजलि देने के बाद लोकसभा की कार्यवाही गुरुवार तक के लिए स्थगित कर दी।
अब गुरुवार को सभी नवनिर्वाचित सांसदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई जाएगी।
सड़क हादसे में गई जान
मंगलवार को सुबह करीब 7 बजे एक सड़क हादसे में केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री गोपीनाथ मुंडे का निधन हो गया था। हालांकि हादसे के तुरंत बाद उन्हें एम्स ले जाया गया था, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
पहले दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में मंगलवार को अंतिम दर्शनों के लिए उनका पार्थिव शरीर रखा गया था। मुख्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।
मुंडे को श्रद्धांजलि देने के लिए कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी, एनसीपी अध्यक्ष शरद पवार, जेडीयू अध्यक्ष शरद यादव सहित कई नेता पहुंचे थे।