पूर्व एयर होस्टेस गीतिका शर्मा खुदकुशी मामले में आरोपी अरुणा चड्ढ़ा ने एक बड़ा खुलासा किया है। मीडिया में प्रकाशित खबरों के मुताबिक अरुणा चड्ढ़ा ने बताया कि सुसाइड केस का मुख्य आरोपी गोपाल कांडा गीतिका शर्मा के साथ केवल शारीरिक संबंध रखना चाहता था, जबकि गीतिका उससे शादी के लिए जोर रही थी।
अरुणा ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि गीतिका गोपाल कांडा से शादी करना चाहती थी, लेकिन कांडा शादी के बजाय केवल शारीरिक संबंध रखना चाहता था। अपने बयान में अरुणा ने कहा कि गीतिका इस नाजायज रिश्ते से उकता गई थी, इसलिए वह कांडा से शादी करना चाहती थी।
अरुणा ने बताया कि गीतिका को कांडा का दूसरी महिलाओं के साथ रिश्ता भी मंजूर नहीं था। जब कांडा ने गीतिका के शादी के प्रस्ताव को मानने से इंकार कर दिया तो गीतिका बहुत नाराज हुई। इसीलिए दवाब बनाने के लिए कांडा ने गीतिका से उन पैसों की डिमांड की जो उसने गीतिका को एमबीए करने के लिए दिये थे।
पुलिस को दिए अपने बयान में अरुणा चड्ढ़ा ने कहा कि कांडा के कहने पर उसने गीतिका को कई बार समझाया कि वह शादी के लिए दवाब ना बनाए। गौरतलब है कि गीतिका खुदकुशी मामले में हरियाणा के पूर्व मंत्री गोपाल कांडा के साथ उनकी सहयोगी अरुणा चड्ढा भी आरोपी है।