बंगलूरू के एक नामी स्कूल में छह साल की बच्ची से हुई बलात्कार की घटना पर विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है।
विरोध और बढ़ते दबाव के बीच कर्नाटक सरकार ने बंगलूरू के पुलिस कमिश्नर राघवेंद्र औरादकर का सोमवार को ट्रांसफर कर दिया। साथ ही मामले के मुख्य आरोपी स्कूल के स्केटिंग प्रशिक्षक मुस्तफा पर ‘गुंडा एक्ट’ लगाने का फैसला किया।
इस शर्मनाक घटना की गूंज विधानसभा तक भी पहुंची, जिसके बाद मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कहा कि मुख्य आरोपी मुस्तफा पहले भी जिन स्कूलों में काम कर चुका है, वहां इस तरह की घटनाओं में शामिल रहा है, जिसे देखते हुए उस पर ‘गुंडा एक्ट’ लगाने का फैसला किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहली बार बलात्कार में शामिल पाए जाने वाले को भी इस कानून के दायरे में लाने के लिए ‘गुंडा एक्ट’ में संशोधन किया जाएगा।