राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे की प्रतिमा लगाने की कोशिशों को लेकर विवादों में रही अखिल भारत हिंदू महासभा ने रविवार को गोडसे की वेबसाइट लांच की है। जिसमें गोडसे को देशभक्त बताया गया है। महासभा के पदाधिकारियों का दावा है कि वेबसाइट का उद्देश्य महात्मा गांधी की हत्या के पीछे नाथूराम गोडसे की मंशा और उद्देश्य को जनता तक पहुंचाना है।
शारदा रोड स्थित अखिल भारत हिंदू महासभा कार्यालय में वेबसाइट लांच करने के पहले कार्यकर्ताओं ने गोडसे के चित्र पर पुष्पांजलि दी। पंडित अरविंद शर्मा ने हवन पूजन किया। जिसके बाद महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पंडित अशोक शर्मा, विश्व हिंदू पीठ दिल्ली के अध्यक्ष मदन आचार्य, महासभा के जिलाध्यक्ष अभिषेक अग्रवाल, महानगर अध्यक्ष भरत राजपूत और अरविंद शर्मा ने संयुक्त रूप से वेबसाइट लांच की।
पं. अशोक शर्मा ने अपने संबोधन में राष्ट्रपिता को लेकर कई आपत्तिजनक बातें कहीं। दावा किया कि गोडसे देश के लिए चिंतित थे, इसलिए उन्होंने गांधी जी की हत्या की थी। आरोप लगाया कि बंटवारे के चलते लाखों हिंदुओं की हत्या हुई और उन्हें अपना घर छोड़ना पड़ा।