जुआ खेलने का शौक रखने वाले राजनीतिज्ञ, जज, सैन्य अधिकारी, पब्लिक सेक्टर यूनिटों के प्रमुख सावधान हो जाएं। गोवा सरकार ने राज्य के कैसीनो को ऐसे लोगों पर नजर रखने के लिए दिशानिर्देश भेज दिए हैं। इसके लिए अधिसूचना भी जारी कर दी गई है।
इसके तहत सभी कैसीनो के लिए यह जरूरी होगा कि वह ऐसे विशेष लोगों पर कड़ी नजर रखें। इन दिशानिर्देशों का मकसद आतंकी गतिविधियों के लिए वित्तीय लेनदेन, आपराधिक साजिशों और मनी लॉंडिंग को रोकना है।
दिलचस्प बात यह है कि अब कैसीनो संचालकों को अपने ग्राहकों को जुआ खेलने की अनुमति देने से पहले उसकी पहचान, कमाई का स्रोत जान लेना जरूरी होगा। इसके लिए नो यॉर कस्टमर (केवाईसी) फॉर्म की शर्तें लागू होंगी। साथ ही कैसीनो संचालकों को दस लाख रुपये से अधिक के वित्तीय लेनदेन की जानकारी भी केंद्र सरकार की वित्तीय खुफिया इकाई को देनी होगी।
अधिसूचना के अनुसार ग्राहक के बारे में जुटाए गए आंकड़ों को कम से कम दस साल तक के लिए संरक्षित रखना जरूरी होगा। गोवा में दर्जनों कैसीनो हैं। एक अनुमान के मुताबिक पिछले साल गोवा में 24 लाख टूरिस्ट आए थे, जिसमें से 4 लाख विदेशी थे। इस तटीय राज्य के कैसीनो पर्यटकों के बीच बेहद लोकप्रिय हैं।