उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था से असंतुष्ट सीएम ने भले ही पुलिस को फ्री-हैंड दे दिया हो, लेकिन वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं।
जमीन विवाद के चलते शुक्रवार को यहां एक पक्ष ने महिला, उसके रिश्तेदार पर तेजाब फेंक दिया जबकि बेटी के कूल्हे में तेजाब का इंजेक्शन लगा दिया। इतना ही नहीं, बिस्तर पर पड़ी बुजुर्ग महिला की भी पिटाई की। गंभीर रूप से झुलसी मां-बेटी और रिश्तेदार को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
तुलसीपुर के मोहल्ला बैरागीपुरवा नई बाजार में शमशाद और स्वर्गीय जकीउल्लाह की पत्नी कमरुन्निशां की अगल-बगल दुकान व मकान हैं। दोनों परिवारों के बीच घर के सामने स्थित जमीन को लेकर लगभग 20 वर्षों से विवाद चल रहा है। नगर पंचायत द्वारा यहां सड़क पर इंटर लॉकिंग का काम चलने के कारण शुक्रवार को कमरुन्निशां ने विवादित जमीन पर लकड़ियां रख दी थी।
जब सर्राफा का कारोबार करने वाले उसके पड़ोसी शमशाद को इसका पता चला तो उसने जमीन पर अपना दावा करते हुए विरोध जताया। बस इसी बात को लेकर दोनों पक्ष भिड़ गए। आरोप है कि शमशाद दुकान से तेजाब उठा लाया और कमरुन्निशां (45), बेटी नगीना (21) व नि:शक्त रिश्तेदार लैश मोहम्मद (30) पर फेंकने लगा।
नगीना जब मौके से भागने लगी तो शमशाद ने उसे धक्का देकर गिरा दिया और उसके कूल्हे में तेजाब भरा इंजेक्शन लगा दिया। कमरुन्निशां ने बताया कि शमशाद ने बिस्तर पर पड़ी उसकी 90 वर्षीय बूढ़ी मां समीदा खातून की भी पिटाई की और तेजाब की बूंदें उनके हाथ पर डाल दीं।
आस-पास के लोगों ने बीच बचाव कर मामला शांत कराया। तेजाब से झुलसी कमरुन्निशां, नगीना व लैश मोहम्मद को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शमशाद को गिरफ्तार कर लिया है।
उधर जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. डीके गुप्ता का कहना है कि युवती नगीना के कूल्हे पर तेजाब का इंजेक्शन लगाया गया है। कूल्हे में कुछ इन्फेक्शन है, लेकिन युवती की हालत खतरे से बाहर है।