भारत को अपनी जमीन पर पिछली टेस्ट सीरीज में 0-4 से हराकर शानदार जीत दर्ज करने वाली ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम चार टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए अगले वर्ष भारत का दौरा करेगी। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी प्रो. रत्नाकर शेट्टी ने इस बाबत जानकारी देते हुए बताया कि भारत दौरे पर ऑस्ट्रेलियाई टीम कुछ अभ्यास मैच भी खेलेगी लेकिन दोनों टीमों के बीच इस टेस्ट सीरीज में कोई भी वन-डे और टी-20 मैच नहीं खेले जाएंगे।
ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच चार टेस्ट कानपुर, चेन्नई, दिल्ली और मोहाली में खेले जाएंगे। बीसीसीआई ने हालांकि ऑस्ट्रेलिया के भारत दौरे को लेकर पूरी जानकारी अभी जारी नहीं की है।