फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिल्ली में दरिंदगी, दौड़ती बस में गैंगरेप

Tue, 18 Dec 2012 12:19 AM IST
नई दिल्ली/अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
देश की राजधानी में एक बार फिर वहशीपन की सभी हदें पार कर दी गईं। करीब पांच दरिंदों ने चलती बस में पैरा मेडिकल छात्रा के साथ गैंगरेप किया। युवती और उसके मित्र युवक को लोहे की रॉडों से बेरहमी से पीटा भी गया। रविवार रात दिल्ली की सड़कों पर दौड़ती बस में दो घंटे तक यह दरिंदगी होती रही। नशे में धुत ये लोग बाद में युवती और युवक को चलती बस से ही सड़क पर फेंक कर फरार हो गए। युवती इस समय सफदरजंग अस्पताल में मौत से जूझ रही है।
विज्ञापन


सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने सोमवार देर रात बस के ड्राइवर राम सिंह और दो अन्य आरोपियों कल्लू और विनय को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि पुलिस ने अभी रामसिंह की गिरफ्तारी की ही पुष्टि की है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल लग्जरी बस भी नोएडा से जब्त कर ली है। बस में बाल, कपड़े आदि बरामद किए गए हैं।

छत्रसाल स्टेडियम में फॉरेंसिक विभाग की टीम इस बस की गहन जांच कर रही है। गिरफ्तार राम सिंह आरके पुरम इलाके में रहता है। सूत्रों ने बताया कि राम सिंह दुष्कर्म करने वालों में शामिल है। वारदात के समय राम सिंह का भाई मुकेश बस चला रहा था। फिलहाल मुकेश और इसके दो अन्य साथी फरार हैं। पुलिस की कई टीम उनकी तलाश कर रही हैं।
विज्ञापन


पुलिस ने बताया कि युवती मीना (23, बदला नाम) मूल रूप से देहरादून की है और वहीं एक कालेज में पैरा मेडिकल की स्टूडेंट है। वह फिलहाल दिल्ली में मधु विहार, द्वारका में रहकर इंटर्नशिप कर रही है। मीना रविवार शाम बेरसराय में रह रहे इंजीनियर दोस्त राजेश (28, बदला नाम) के साथ साकेत स्थित सेलेक्ट सिटी वॉक मॉल में फिल्म देखने गई थी।

रात करीब सवा 9 बजे दोनों ऑटो से मुनिरका बस स्टैंड पहुंचे। इस बीच सफेद रंग की टूरिस्ट बस वहां आई। घर छोड़कर आने की बात कहकर राजेश भी बस में मीना के साथ सवार हो गया। राजेश के मुताबिक, बस में आठ से दस लोग मौजूद थे। कुछ दूर जाकर चार-पांच लोग उतर गए। दोनों को अकेला देखकर बाकी ने मीना से छेड़छाड़ शुरू कर दी। राजेश के विरोध करने पर बदमाशों ने उसके सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। बाद में मीना को घसीटते हुए ये लोग उसे बस के केबिन में ले गए।

वहां करीब पांच लोगों ने बारी-बारी से मीना के साथ दुष्कर्म किया। उन्हाेंने उसके शरीर पर बुरी तरह चोट भी पहुंचाई। करीब दो घंटे तक बस दिल्ली के पॉश इलाके कहे जाने वाले मुनिरका, वसंतकुंज, महिपालपुर इलाके में घूमती रही। देर रात मीना और राजेश को ये लोग नग्न अवस्था में एनएच-8, महिपालपुर फ्लाईओवर के पास फेंककर फरार हो गए। राजेश गोरखपुर का रहने वाला है। पुलिस ने राजेश की मदद से दो आरोपियों के स्केच तैयार किए हैं। देर रात पुलिस राजेश को घटना के रिक्रिएशन के लिए वारदात वाली जगहों पर भी ले गई।

बस का लाइसेंस रद्द कर दिया गया है। इसकी सूचना परिवहन विभाग ने दी है। घटना बेहद दुखद है। भविष्य में ऐसा न हो, इसके लिए जो भी कार्रवाई करनी पड़े की जाएगी।
- शीला दीक्षित, मुख्यमंत्री दिल्ली

मामले के दोषियों को फांसी की सजा दी जानी चाहिए। न्याय मिलने में बिलकुल देरी नहीं होनी चाहिए। पीड़ित युवती और उसके परिजनों को हर तरह की कानूनी सहायता दी जाएगी।
विज्ञापन

-बरखा सिंह, अध्यक्ष, दिल्ली महिला आयोग
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें