फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सुलग उठा बनारस, चार थाना क्षेत्रों में लगा कर्फ्यू बाद में हटाया

विज्ञापन
विज्ञापन
पिछले दिनों गणेश प्रतिमा विसर्जन के विवाद के दौरान संतों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में सोमवार को काशी में कोहराम मच गया। टाउनहाल से दशाश्वमेध के लिए निकली अन्याय प्रतिकार यात्रा में साधु-संतों की अगुवाई में उमड़े जनसैलाब ने प्रशासन के सारे इंतजाम ध्वस्त कर दिए।
विज्ञापन


पदयात्रा अभी बांसफाटक पहुंची ही थी कि गोदौलिया चौराहे पर अफवाह के बाद भगदड़ मची और फिर देखते ही देखते पथराव, आगजनी और हवाई फायरिंग से हालात बेकाबू हो गए। गुस्साई भीड़ ने पथराव करते हुए पुलिस बूथ को आग के हवाले कर दिया।

25 से अधिक बाइक और पुलिस की तीन जीपें फूंक दी। आमने-सामने के टकराव में पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े, लाठियां चलाईं, हवाई फायरिंग की। पथराव और भगदड़ में कई पुलिसकर्मियों, संतों और पत्रकारों को चोटें आई हैं। पुलिस ने कई छायाकारों के कैमरे तक तोड़ दिए। उपद्रवियों ने अमर उजाला के दो फोटो जर्नलिस्ट की बाइक भी आग के हवाले कर दी।
विज्ञापन


बेकाबू हालात के मद्देनजर प्रशासन ने शहर के चार थाना क्षेत्रों कोतवाली, चौक, लक्सा और दशाश्वमेध में शाम 6.45 बजे कर्फ्यू लगा दिया। हालात सामान्य होने के बाद रात 8.45 बजे प्रशासन ने कर्फ्यू हटा लिया। बड़ी तादाद में फोर्स के साथ उच्चाधिकारी मौके पर डटे हैं। पुलिस ने 29 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया है।

मिला था खुफिया इनपुट पर गंभीरता से नहीं लिया

लाठीचार्ज के विरोध में साधु-संतों के आह्वान पर यह अन्याय प्रतिकार यात्रा निकाली गई थी। टाउनहाल से शुरू होकर दशाश्वमेध घाट तक जाने वाली इस यात्रा में हजारों की संख्या में लोगों के सड़क पर उतरने से दोपहर बाद शहर के हालात अचानक बेकाबू हो गए।

हर-हर महादेव के जयघोष के बीच यात्रा चौक से होते हुए बांसफाटक पहुंची तभी गोदौलिया चौराहे पर पुलिस के लोगों के रोकने की अफवाह से भगदड़ मची और फिर पथराव और आगजनी ने हिंसक झड़प का रूप ले लिया।

कभी भीड़ पुलिस को दौड़ाती नजर आई तो कभी पुलिस हजारों की भीड़ को। शाम पौने सात बजे तक जब हालात काबू में नहीं आए तो प्रशासन ने चार थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू की घोषणा कर दी।

लौटती भीड़ ने पुलिस को निशाना बनाया तो पुलिस ने भी जो जहां मिला उसे जमकर पीटा। हालात के मद्देनजर फोर्स के साथ कमिश्नर, आईजी, डीएम, एसएसपी सहित सभी उच्चाधिकारी मौके पर डटे हैं।

भारी संख्या में शामिल हुए राजनीतिक दलों के लोग

गोदौलिया पर 22 सितंबर की रात संतों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज के बाद से ही शहर सुलग रहा था। खुफिया विभाग ने प्रशासन और गृह मंत्रालय को इनपुट भेजा था।

बताया था कि लाठीचार्ज के बाद से शहर की जनता में पुलिस के प्रति जबर्दस्त आक्रोश है। यदि जल्द ही विसर्जन विवाद का निबटारा नहीं हुआ और लाठीचार्ज के मामले में प्रशासनिक कार्रवाई नहीं हुई तो हालात बेकाबू हो सकते हैं।

बावजूद इसके प्रशासन और पुलिस ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। प्रतिकार यात्रा में काशी की सड़कों पर जनसैलाब उमड़ा देख पुलिस प्रशासन के होश फाख्ता हो गए। जब तक प्रशासन अपनी रणनीति बदलता, हालात बेकाबू हो चुके थे।

अन्याय प्रतिकार यात्रा में बड़ी संख्या में कांग्रेसी भी शामिल हुए। संतों के साथ आज कांग्रेस का दोनों स्थानीय धड़ा औरंगाबाद हाउस और खजुरी हाउस साथ दिखा। पंडित राजेशपति त्रिपाठी, विधायक अजय राय सैकड़ों समर्थकों के साथ पदयात्रा में शामिल हुए।

वहीं पूर्व सांसद डॉ. राजेश मिश्र, मणिशंकर पांडेय सहित शहर भर के कांग्रेसी संतों की पदयात्रा में शामिल हुए। भाजपा विधायक श्यामदेव रायचौधरी, रवींद्र जायसवाल और एमएलसी लक्ष्मण आचार्य भी पदयात्रा में शामिल रहे।
विज्ञापन

ऐसे गरम होता गया काशी का माहौल

दोपहर बाद 01:40 बजे : अन्याय प्रतिकार यात्रा के लिए संत और आमजन टाउनहाल मैदान पहुंचे
3:56 बजे-टाउनहाल मैदान पूरी तरह खाली, दशाश्वमेध के लिए पदयात्रा शुरू
4:40 बजे-गोदौलिया चौराहे के पहले केसीएम के पास अचानक पुलिसकर्मियों की पिटाई शुरू और भगदड़
4:55 बजे-भीड़ ने गोदौलिया चौराहे पर बना पुलिस बूथ फूंका
5:02 बजे-गोदौलिया चौराहे के पास खड़ी पुलिस की तीन जीपों में लगाई गई आग
5:10 बजे-तांगा स्टैंड और आसपास खड़ी बाइक को भी आग के हवाले कर दिया गया, गोदौलिया दूध सट्टी में भी आगजनी
5:10 बजे-गिरजाघर चौराहे से लक्सा, मदनपुरा, नई सड़क मार्ग, सोनारपुरा, दशाश्वमेध व चौक मार्ग पर पुलिस पर पथराव
5:15 बजे-पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़ने शुरू किए और उग्र भीड़ की तरफ लाठी लेकर दौड़ी
5:20 बजे से 6:40 बजे तक-थोड़ी-थोड़ी देर पर होता रहा पथराव, डीएम और एसएसपी की अगुवाई में पुलिसकर्मी दौड़ाते रहे उपद्रवियों को
6:45 बजे-दशाश्वमेध, चौक, कोतवाली, और लक्सा थाना क्षेत्र में डीएम ने घोषित किया कर्फ्यू
7:00 बजे-स्थिति सामान्य करने के लिए कमिश्नर और आईजी जोन की अगुवाई में पुलिस का फ्लैग मार्च।
8.45 बजे-हालात सामान्य होने के बाद जिला प्रशासन ने कर्फ्यू हटा लिया।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें