जदयू के साथ तकरार के बावजूद भाजपा नरेंद्र मोदी की प्रधानमंत्री पद की उम्मीदवारी की संभावना को नकार नहीं रही है।
पार्टी के पूर्व अध्यक्ष नितिन गडकरी ने कहा है कि उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को ऐसा कोई वचन नहीं दिया था कि भाजपा मोदी को 2014 के लोकसभा चुनाव में पीएम पद का उम्मीदवार नहीं बनाएगी।
गडकरी ने स्वीकार किया वे राज्यसभा में विपक्ष के नेता अरुण जेटली के साथ नीतीश से मिले थे। यह बैठक जुलाई 2012 में जेटली के आवास पर हुई थी।
इस मौके पर नीतीश ने आगामी लोकसभा चुनाव में एनडीए के पीएम पद के उम्मीदवार का मसला उठाया था।
गडकरी की ओर ने बृहस्पतिवार को जारी एक बयान में दावा किया गया कि तब नीतीश से यही कहा गया था कि भाजपा ने अभी किसी को पीएम पद के उम्मीदवार के रूप में पेश करने के मामले में कोई फैसला नहीं किया है।
भाजपा नेतृत्व इस मामले में उचित समय पर निर्णय करेगा और ऐसा करते समय सभी घटक दलों को विश्वास में लेगा।
गडकरी के इस बयान से साफ है कि भाजपा ने जदयू के साथ बिगड़ते संबंधों के बावजूद मोदी की उम्मीदवारी के विकल्प को खुला रखा है।