फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

संघ की बैठक में गडकरी के भविष्य पर होगा मंथन

Mon, 29 Oct 2012 10:48 PM IST
नई दिल्ली/हरीश लखेड़ा
विज्ञापन
विज्ञापन
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकारी मंडल की अगले सप्ताह चेन्नई में होने जा रही बैठक में भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी के भविष्य को लेकर भी मंथन होगा। इसलिए इस बैठक पर भाजपा की खास नजर रहेगी। 2 से 4 नवंबर तक होने वाली कार्यकारी मंडल की इस सालाना बैठक में संघ हर बार भाजपा समेत अपने सभी अनुषांगिक संगठनों की गतिविधियों व कार्यप्रणाली पर चर्चा करता है और उसके कार्यों की समीक्षा भी करता है।
विज्ञापन


यह तो साफ हो चुका है कि भ्रष्टाचार के आरोपों के चलते संकट से घिरे गडकरी फिलहाल इस्तीफा नहीं देंगे और मौजूदा कार्यकाल पूरा करेंगे। पेंच अब उनकी दोबारा ताजपोशी को लेकर फंसा है। इसलिए माना जा रहा है कि इस बैठक में गडकरी के भविष्य को लेकर संघ कोई लाइन तय कर सकता है।

संघ के सामने दुविधा यह है गडकरी को दूसरा कार्यकाल नहीं देने की स्थिति में भाजपा की कमान किसे सौंपी जाए। सूत्रों के अनुसार संघ किसी भी सूरत में लालकृष्ण आडवाणी, सुषमा स्वराज और अरुण जेटली अथवा इस खेमे को भाजपा की कमान देने के पक्ष में नहीं है।
विज्ञापन


इसलिए संघ ने पिछली बार गडकरी को नागपुर से दिल्ली भेजा था और अब उनकी दोबारा ताजपोशी भी लगभग तय कर दी थी। भाजपा में अटल बिहारी वाजपेयी के बाद अब आडवाणी ही ऐसे अब ऐसे नेता बचे हैं, जिनकी बात टालना संघ के लिए भी आसान नहीं है। ऐसे में गडकरी को लेकर संघ हर विकल्प पर विचार विमर्श कर लेना चाहता है।

गडकरी का आरोप, मुझे बदनाम कर रहे कुछ मीडिया ग्रुप
नागपुर/एजेंसी/पार्टी के बड़े नेताओं का समर्थन मिलने से राहत महसूस कर रहे भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी ने आरोप लगाया कि कुछ मीडिया ग्रुप कांग्रेस पार्टी की साजिश का मोहरा बनकर उनकी छवि खराब कर रहे हैं। गडकरी ने इन सभी के खिलाफ दीवानी और फौजदारी का मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दी है।

अपनी कंपनी पूर्ति में अनियमितताओं के आरोपों से घिरे गडकरी ने नागपुर पहुंचने पर विरोधियों के खिलाफ हुंकार भरी। पार्टी समर्थकों और नेताओं के स्वागत से उत्साहित भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कुछ मीडिया ग्रुप कांग्रेस पार्टी के दलाल के रूप में काम कर रहे हैं।

दो अंग्रेजी न्यूज चैनल और एक राष्ट्रीय अंग्रेजी दैनिक उनके खिलाफ चलाई जा रही मुहिम के पीछे हैं। ये मीडिया ग्रुप कांग्रेस के हाथों की कठपुतली बन गए हैं। गडकरी ने कहा कि वे सभी आरोपों से बेदाग निकलेंगे और बदनाम करने वालों को सबक सिखाएंगे।

भाजपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि एक बड़े मीडिया ग्रुप ने मॉरीशस के जरिए लंदन में काला धन जमा कर रखा है। इसने 10-10 रुपये के शेयरों को 38-38 हजार रुपये में बेचकर हेराफेरी की है। हालांकि उन्होंने किसी मीडिया ग्रुप का नाम नहीं लिया लेकिन इस संबंध में दस्तावेज होने का दावा किया।

गडकरी ने कहा कि न तो मैंने कभी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद मांगा था और न ही इस पद पर बने रहने का मैं इच्छुक हूं। उनके इस बयान के कई अर्थ निकाले जा सकते हैं। हाल ही में पार्टी के राज्यसभा सांसद राम जेठमलानी ने कहा था कि भ्रष्टाचार के आरोपों के चलते गडकरी को दोबारा अध्यक्ष नहीं बनना चाहिए।

गौरतलब है कि सितंबर में सूरजकुंड अधिवेशन के दौरान पार्टी के संविधान में संशोधन कर राष्ट्रीय, राज्य और जिला प्रमुखों को दोबारा कार्यकाल का रास्ता साफ किया गया था। गडकरी का वर्तमान कार्यकाल दिसंबर में पूरा हो रहा है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें