दिल्ली में एक गैजेट चोर तब पकड़ा गया जब वह रेड लाइट पर गेम खेलने लगा। गेम जीतने पर वह चिल्लाया और पुलिस के शिकंजे में आ गया।
टीओआई के मुताबिक दरियागंज के पास पुलिस ने मुशर्रफ नाम के इस गैजेट चोर को पकड़ा है। यह चोर भीख भी मांगता है। जब वह पकड़ा गया तो फुटपाथ पर वीडियो गेम खेलने में व्यस्त था।
तुर्कमान गेट निवासी मोहम्मद आजिम के घर से 24 सितंबर को टेबलेट और फोन चोरी हो गए थे। वह उस समय सोए हुए थे। उनके घर से करीब चार हजार रुपए, क्रेडिट और डेबिट कार्ड्स, तीन स्मार्टफोन भी चोरी हुए थे।
आजिम ने तुरंत इसकी शिकायत चांदनी महल पुलिस थाने में दर्ज कराई। पुलिस ने एक टीम बनाकर जांच शुरू कर दी।
इसी दौरान केंद्रीय जिला पुलिस के स्पेशल स्टाफ के एक पुलिसकर्मी ने दरियागंज के पास मुशर्रफ को फुटपाथ पर गेम खेलते देखा।
रेड लाइट होने पर खेलता था गेम
मुशर्रफ रेड लाइट पर भीख मांगता है। लेकिन उसे टेबलेट पर गेम खेलना इतना पसंद आया कि वह भीख मांगना छोड़ गेम खेलने लगा। उसने टेबलेट पर गेम खेलने के लिए कीबोर्ड जोड़ा और 'नीड फॉर स्पीड' वीडियो गेम खेलने लगा।
वह रेड लाइट होने पर गेम खेलता और ग्रीन लाइट होने पर भीख मांगने लगता। ऐसे ही गेम खेलने के दौरान जीतने पर वह जोश में चिल्लाया। इससे एक पुलिसकर्मी की नजर उस पर पड़ गई। उन्हें मुशर्रफ पर संदेह हुआ और पुलिस थाने में इसकी सूचना दी।
पुलिस की स्पेशल टीम ने गेम खत्म होने का इंतजार किया और मुशर्रफ को पकड़ लिया। मुशर्रफ ड्रग्स का भी आदी है। उसके पास से चोरी का और सामान भी बरामद हुआ है। मुशर्रफ और भी घरों में चोरी कर चुका है।
मुशर्रफ को न्यायालय ले जाया जहां से उसे ज्यूडिशियल कस्टडी में भेज दिया गया है। साथ ही उसने जो जो सामान चुराए उनकी तलाश भी की जा रही है।