आंध्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बोत्स सत्यनारायण दिल्ली में चलती बस में युवती से हुए गैंगरेप के मामले में विवादास्पद बयान देकर मुश्किल में घिर गए हैं।
सत्यनारायण ने सोमवार को यह कहकर विवाद खड़ा कर दिया कि महिलाओं को रात को सिर्फ इसलिए सड़कों पर नहीं घूमना चाहिए, क्योंकि देश आधी रात को आजाद हुआ था। राज्य के यातायात मंत्री का भी पद संभाल रहे सत्यनारायण ने कहा कि बेहतर होगा कि लड़कियां आधी रात को प्राइवेट बसों में यात्रा न करें।
लेकिन जैसे ही अपनी गलती का एहसास हुआ, उन्होंने अपने शब्द वापस लेते हुए सफाई दी कि पिता होने के नाते मैंने अपनी पीड़ा बयान की थी। मैं सिर्फ घटना के खिलाफ अपनी नाराजगी जताने की कोशिश कर रहा था। पीड़ित युवती के साथ जो कुछ भी हुआ वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। पूर्व के अपने बयान से महिलाओं की भावनाएं आहत होने पर उन्होंने अफसोस भी जाहिर किया।