गृह क्लेश हो या फिर बीमारी का साया, अब कुछ भी नहीं रहेगा। अब तो बस बाबा का ही जादू चलेगा। घर में जो धन है, 15 दिन में दोगुना हो जाएगा। ऐसे ही दावे करने वाले ठगों ने गांव जहराना के तीन लोगों को अपना शिकार बना लिया और उनसे लाखों का सोना ठग ले गए। पीड़ित ने अब एसएसपी से गुहार लगाई है।
जहराना निवासी सोनपाल ने बताया कि 17 सितंबर को उनके पास दो लोग बाबा बनकर आए और 15 दिन में घर में रखा धन दो गुना करने का दावा करने लगे। इससे वह लालच में आ गया। बाबा के बताए गए तरीके के अनुसार उन्होंने करीब आठ तोले के जेवरात तांबे की मटकी में रखे और मटकी को कपड़े से बंद कर घर में एक गड्ढा करके दबा दिया। बाबाओं ने 15 दिन बाद मटकी खोलने को कहा।
उधर, गांव के ही उदयवीर सिंह की बेटी कई दिनों से बीमार थी। बाबाओं ने उदयवीर से घर में रखी जायदाद की पूजा करने की बात कही। उनके बताए गए तरीके के अनुसार, उदयवीर ने चार तोला सोना मटकी में रखा और घर में दबा दिया। इसके बाद बाबा गांव के ही सोनू पुत्र जगदीश बाल्मीकि के यहां पहुंचे और उसके घर के नीचे सोना-चांदी के आभूषण दबे होने की बात कही। सोनू ने बताया कि बाबाओं ने उससे पूजा कराई और मटकी में ढाई तोले सोने के आभूषण और नकदी मटकी में रखवाकर घर में गड्ढा बनाकर दबा दिए। बाबाओं ने आभूषण को 21 दिन बाद निकालने को कहा और चले गए।
कुछ दिन बाद सोनू से नहीं रहा गया तो उसने मटकी को बाहर निकाला। मटकी में मिट्टी देखकर उसके होश उड़ गए। इसकी जानकारी पर सोनापाल और उदयवीर ने भी मटकी बाहर निकाली तो उन्हें उनमें मिट्टी मिली। ग्रामीणों ने बताया कि दोनों बाबा कई माह से दिलशाद और हजरत अली नाम से चंडौस के पंचायत घर के सामने एक मकान में किराए पर रहे थे। दोनों खुद को गाजियाबाद का निवासी बताते थे।