बनिहाल रेलवे स्टेशन परिसर में स्थित बिजली के सब स्टेशन से ट्रांसफार्मर के पैनल चुराते चार चोरों को आरपीएफ के जवानों ने मौके पर ही पकड़ पकड़ लिया। सभी बाद में बनिहाल पुलिस के हवाले किया गया। चोरों की तवेरा गाड़ी को भी जब्त किया गया है।
जानकारी के मुताबिक रविवार की देर रात काजीगुंड और लोअर मुंडा के रहने वाले चोर खुर्शीद अहमद, इरशाद अहमद, गुलाम रसूल डार और अब्दुल रशीद अहंगर अपनी टवेरा गाड़ी से बनिहाल रेलवे स्टेशन के पास पहुंचे।
उसके बाद दो चोर स्टेशन परिसर में स्थित बिजली के सब स्टेशन में पहुंच गए और बिजली कटौती का फायदा उठाते हुए ट्रांसफार्मर में लगे तांबे के पैनल और डिस्क खोलने लगे। इस दौरान उन पर एक चौकीदार की नजर पड़ी। उसने तुरंत आरपीएफ के जवानों को सूचित किया और जवानों ने दोनों चोरों को मौके पर ही दबोच लिया।
फिर उनसे पूछताछ में पता चला कि उनके दो और साथी हैं जो हाईवे पर गाड़ी में बैठे उनका इंतजार कर रहे हैं। इस जानकारी पर चोरों के उन दो साथियों को भी गाड़ी से पकड़ लिया गया। बाद में आरपीएफ ने चारों को बनिहाल पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस केस दर्ज कर मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि एक साल के दौरान टनल के उस पार से बनिहाल कसबे में गाड़ियों से चोर आते हैं और वारदातों को अंजाम देकर वापस जवाहर टनल के उस पार चले हैं।