असम में उग्र भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस द्वारा की गई गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई तथा सात अन्य लोग घायल हो गए।
मामला बढ़ते देख प्रशासन को हिंसा सम्भावित क्षेत्रों में कर्फ्यू लगाना पड़ा।
असम के पुलिस महानिरीक्षक (कानून एवं व्यवस्था) एसएन सिह ने बताया कि यह घटना पुलिस दल द्वारा गोआलपाड़ा के रक्षासिनी इलाके से युवक का शव उठाने के बाद घटी। मृत युवक ताहिर अली रविवार शाम से ही लापता था।
सिंह ने कहा, इलाके के लोगों ने युवक के शव को जमीन में गाड़ दिया गया था। पुलिस दल जब युवक के शव को लेने गया तो सैकड़ों स्थानीय निवासियों ने पुलिस दल पर पत्थरबाजी करनी शुरू कर दी तथा पुलिस वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया।
भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को गोली चलानी पड़ी, जिसमें दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई तथा कुछ अन्य लोग घायल हो गए।
उन्होंने आशंका जताई कि ताहिर अली की हत्या करके शव को वहां पर गाड़ दिया होगा। घायलों को गुवाहाटी स्थानांतरित कर दिया गया है तथा उनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
गृह सचिव जीडी त्रिपाठी ने बताया कि इलाके में अनिश्चितकाल के लिए कर्फ्यू लगा दिया गया है।