भाजपा के नवनियुक्त उत्तर प्रदेश प्रभारी अमित शाह ने बुधवार को सूबे के अपने पहले दौरे में साफ किया कि अब कागज पर काम दिखाने से बात नहीं बनेगी। जमीन पर काम दिखाना होगा।
उन्होंने कहा कि ऐसा हुआ तो फिर 2014 में भाजपा के नेतृत्व में केंद्र में एनडीए की सरकार बनने से कोई नहीं रोक पाएगा।
यूपी में भाजपा की दिशा व दशा ठीक करने और चुनावी नैया पार लगाने आए शाह ने कहा कि पार्टी में नेताओं का कद उनके बूथ पर मिलने वाले वोटों से तय होगा।
पार्टी के विभिन्न फोरम की अलग-अलग बैठक में उन्होंने न सिर्फ यह एहसास दिलाया कि वह यूपी के बारे में पूरा होमवर्क करने के बाद आए हैं बल्कि यह भी समझाने की कोशिश की कि अब वह बड़ी-बड़ी बातों में फंसने वाले नहीं लेकिन कई बातें वही दोहराईं जो पार्टी के अन्य नेता पहले भी कहते रहे हैं।
उन्होंने कहा कि छोटे-बड़े पदाधिकारियों को महीने में कम से कम 20 दिन गांवों में प्रवास करना होगा। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को धन संग्रह करने की भी जिम्मेदारी बताई।