दहेज की मांग पूरी न होने पर एक पति ने परिजनों के साथ मिलकर अपनी ही पत्नी और दुधमुंही बच्ची को जिंदा जला दिया। जिसमें मां-बेटी दोनों की मौत हो गई। मामला सुल्तानपुर के कादीपुर का है।
वारदात के बाद से ही ससुराल वाले घर छोड़कर फरार हैं। पुलिस ने मृत युवती के भाई की तहरीर पर पति समेत आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
प्रतापगढ़ के आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के देवरखा गांव निवासी विश्वनाथ यादव ने अपनी बेटी रीना (25) की शादी कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के बरवारीपुर गांव निवासी रामदौर यादव के बेटे सुरेश यादव के साथ साल 2010 में की थी। बताया जा रहा है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले रीना को दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे।
बेटी ने इसकी शिकायत जब परिवार वालों से की तो परिजनों ने रीना के पति सुरेश को तीन लाख रुपये जीप खरीदने के लिए दिए। इस दौरान रीना ने दो बच्चियों दीप्ति (3) और अनुष्का (1) को जन्म दिया। कुछ दिन पहले ही दीप्ति को ननिहाल वाले अपने साथ घर ले गए थे जबकि अनुष्का अपनी मां के साथ पिता के घर पर थी।