नेपाल के पूर्वी पहाड़ी और सीमावर्ती मधेश के कुछ जिलों में हुई जबरदस्त बारिश से बृहस्पतिवार को कोसी नदी के जलस्तर में भारी बढ़ोतरी हुई है। इससे नेपाल और बिहार में बाढ़ आने का खतरा बढ़ गया है। कोसी बैराज से होकर प्रति सेकेंड 2,65,296 क्यूसेक पानी बह रहा है।
फिलहाल बैराज के 56 फाटक में से 38 को खोल दिया गया है। कोसी बैराज से आने वाले पानी के बहाव को भारत नियंत्रित करता है। स्थानीय नेपाली नागरिक पानी का बहाव 2 लाख क्यूसेक से अधिक होने पर बैराज के सभी फाटक खोलने के लिए इसके पदाधिकारियों पर दबाव बनाए हुए हैं।
बैराज प्रमुख सुखनंदन सिंह ने अमर उजाला को बताया कि नापे गए पानी का बहाव छह साल पहले कोसी के तटबंध टूटने के समय जो बहाव था, उससे भी अधिक है। छह साल पहले कोसी के तटबंध टूटने से सीमावर्ती नेपाल और बिहार में आए बाढ़ से हजारों लोग विस्थापित हुए थे।
पानी के बहाव में भारी बढ़ोतरी होने के वाद कोसी बैराज में खतरे के संकेत के तौर पर लाल बत्ती जलाई गई है।
नेपाल मे अगले दो दिन तक बारिश
नेपाल में बुधवार से हो रही लगातार बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बढ़ा है तो मधेशी इलाकों में बाढ़ आने की आशंका जताई जा रही है। मौसम पूर्वानुमान की महा शाखा के मुताबिक, देशभर हो रही बारिश अगले दो और दिनों तक जारी रह सकती है। गृह मंत्रालय ने देशभर में बाढ और भूस्खलन के कारण 4 लोगों की मौत होने की बात कही है।