पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को लेकर तैयार पोर्टल मंगलवार को आम लोगों के लिए जारी हो जाएगा। लोकसभा में विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज इस पोर्टल का लोकार्पण करेंगी। भाजपा ‘समग्र अटल’ योजना के तहत वर्ष 2013 के लिए वाजपेयी के चित्रों वाली ‘अटल डायरी’ पहले ही कर चुकी है, और अब उन पर केंद्रित पोर्टल भी तैयार है।
इस योजना का संभाल रहे भाजपा नेता सहस्रबु्द्धे ने कहा कि ‘समग्र अटल’ योजना के तहत उनके भाषण, चित्र, लेख आदि को पुस्तकों व डिजिटल माध्यम से संकलित किया जा रहा है। एनडीएमसी सभागार में मंगलवार शाम यह पोर्टल जारी किया जाएगा। भाजपा की समग्र अटल योजना को आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारी से भी जोड़ा जा रहा है। इस चुनाव से पहले भाजपा वाजपेयी को लेकर एकत्रित सामग्री को आम लोगों तक उपलब्ध कराना चाहती है। इसके अलावा भाजपा वाजपेयी को भारत रत्न दिये जाने की मांग पहले से ही करती आ रही है।