उत्तर प्रदेश में चल रहे पंचायत चुनाव धीरे धीरे खूनी रुख अख्तियार करते दिख रहे हैं। मेरठ के रार्धना में मंगलवार दोपहर एक प्रत्याशी के पक्ष में की गई नारेबाजी के बाद माहौल ऐसा बिगड़ा कि दूसरे पक्ष ने पथराव कर दिया। कुछ देर बाद ही दोनों पक्ष में
आमने सामने फायरिंग होने लगी।
मामला बिगड़ता देख पुलिस ने लाठीचार्ज कर लोगों को खदेड़ने का प्रयास किया। इस पर पुलिस पर भी फायरिंग की गई। जिसके बाद पुलिस ने भी मोर्चा संभालते हुए हवाई फायरिंग कर हंगामा करने वालों को खदेड़ा। मामले में अभी किसी के चोटिल होने की खबर नहीं आई है।
वाकया मेरठ जिले के किठौर थाने के रार्धना गांव का है। जहां प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री शाहिद मंजूर के पुत्र नवाजिश शाहिद वार्ड 31 से जिला पंचायत का चुनाव लड़ रहे हैं। नवाजिश के पिता शाहिद मंजूर किठौर विधानसभा से ही विधायक हैं। उनके सामने बसपा समर्थित प्रत्याशी रार्धना गांव निवासी वसीम जब्बार चुनाव मैदान में हैं।