नई दिल्ली जाने वाली राजधानी एक्सप्रेस के रवाना होने के तुरंत बाद इसके एक डिब्बे में आग लग जाने से अफरातफरी मच गई।
मंगलवार को यह ट्रेन जैसे ही हावड़ा स्टेशन से रवाना होने के लिए तैयार हुई इसके जेनरेटर वाले डिब्बे में आग लग गई। इससे यात्रियों में घबराहट फैल गई। रेल कर्मचारियों ने तुरंत दमकल दस्ते को सूचना दी और मौके पर चार गाड़ियां पहुंच गईं। आग से किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
पूर्वी रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि शाम पौने पांच बजे जैसे ही 12301 अप हावड़ा-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस हावड़ा स्टेशन से रवाना होने के लिए तैयार हुई इसके जेनरेटर वाले डिब्बे से धुआं निकलता दिखा।
इसे देखते ही रेल कर्मचारियों ने डिब्बे को गा़ड़ी से अलग कर दिया। गाड़ी को प्लेटफार्म नंबर नौ से शाम 4.55 बजे रवाना होना था। चार दमकल गाड़ियां आग बुझाने के लिए बुला ली गईं। इस वजह से राजधानी एक्सप्रेस शाम सात बजे रवाना हुई।