इलाहाबाद हाईकोर्ट में शुक्रवार को आग लगने से खलबली मच गई। कोर्ट के रिकॉर्ड रूम से दोपहर में अचानकलपटें उठने लगीं। भीषण आग को देखते हुए रिकॉर्ड रूम केआसपास के कमरों और हाल को खाली करा लिया गया। खबर पाकर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे।
तीन दमकलों ने दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पूरी बिल्डिंग में धुआं भर जाने से रिकॉर्ड रूम तक पहुंचने में काफी परेशानी र्हुई। आग से जरूरी फाइलें, दस्तावेज खाक हो गए। इस दौरान कोर्ट परिसर में अफरातफरी मची रही। सीएफओ के मुताबिक, आग की वजह शार्ट सर्किट है।
दोपहर करीब सवा तीन बजे हाईकोर्ट में कामकाज चल रहा था। इसी बीच ग्राउंड फ्लोर पर बने रिकॉर्ड रूम से लपटें उठने लगीं। शोर मचा तो भगदड़ मच गई। कुछ ही पलों में आसपास केहॉल में धुआं भर गया। कर्मचारियों और सिक्योरिटी वालों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की लेकिन आग बढ़ती गई।
थोड़ी देर में लपटों ने पूरे रिकॉर्ड रूम को आगोश में ले लिया। सूचना पाकर तीन दमकल वहां पहुंच गई। रिकॉर्ड रूम बड़े हाल में बना है। ऐसे में रोशनदान से पाइप के सहारे पानी डाला गया। साथ ही खिड़की और दीवार तोड़ आग पर काबू पाया गया। पुराना रिकॉर्ड रूम होने की वजह से वहां वर्षों पुरानी फाइल और अहम दस्तावेज रखे थे।
शार्ट सर्किट से हाईकोर्ट के रिकार्ड रूम में आग लगी थी। धुआं भर जाने की वजह से काफी दिक्कत हुई। हालांकि वक्त रहते आग पर काबू पा लिया गया। रिकार्ड रूम में लोहे के रैक पर फाइलें और दस्तावेज भरे थे। सब जल गए।-सतीश चंद, सीएफओ