विवादित सीडी मामले में कांग्रेस प्रवक्ता पद और संसदीय समिति के अपने पदों से इस्तीफा देने वाले वरिष्ठ नेता अभिषेक मनु सिंघवी की कांग्रेस के मीडिया पैनल में वापसी हो गई है। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के महासचिव जनार्दन द्विवेदी ने शुक्रवार को यहां कहा कि सिंघवी को कांग्रेस के मीडिया पैनल में वापस ले लिया गया है।
गौरतलब है कि सिंघवी ने इसी साल अप्रैल में विवादित सीडी मामले में कांग्रेस एवं संसदीय समिति में अपने पदों को छोड़ दिया था। साथ ही सिंघवी को तमाम टीवी चैनलों में चलने वाली बहस या अन्य कार्यक्रमों में हिस्सा लेने वाले पार्टी के नेताओं की सूची से भी बाहर कर दिया गया था। अब मीडिया पैनल में वापसी से वह टीवी चैनलों में चलने वाली बहस और अन्य कार्यक्रमों में कांग्रेस का पक्ष रखते हुए या बचाव करते नजर आएंगे।