यूपी के रामपुर में मामूली बात को लेकर दो समुदायों के दो पक्षों के बीच हुए संघर्ष के बाद एक पक्ष के लोगों का गुस्सा भड़क गया। गुस्साए लोगों ने दूसरे पक्ष की गिरफ्तारी की मांग को लेकर स्वार रोड पर जाम लगा दिया और हंगामा शुरू कर दिया। घटना की जानकारी पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों पर लाठियां बरसा दीं, जिसके बाद भगदड़ भी मच गई। हालांकि इस दौरान जाम तो खुल गया, लेकिन लाठीचार्ज और भगदड़ में दो महिलाएं समेत दस से ज्यादा लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल भी भेजा गया है। घटना के बाद गांव में तनाव बना हुआ है।
अजीमनगर थाना क्षेत्र के परचई गांव में बुधवार को साप्ताहिक बाजार लगा हुआ था। इस दौरान मीट की खरीद फरोख्त को लेकर दुकानदार से एक युवक से विवाद हो गया। इस दौरान कुछ लोगों ने दुकानदार को पीट दिया। इसी पर बात बढ़ी तो दुकानदार के समर्थन में कुछ और लोग आ गए।
इसके बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हुई। इस दौरान पथराव और मारपीट हुई, जिसमें एक पक्ष के छह सात लोगों के घायल हो गए। घटना के बाद दुकानदार पक्ष के लोग मौके से फरार हो गए। पीड़ित पक्ष के लोगों ने घटना के विरोध में रामपुर-स्वार रोड पर जाम लगा दिया।