फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

55 प्रेमी युगलों पर लटकी ‘ऑनर किलिंग’ की तलवार

Thu, 13 Dec 2012 10:00 AM IST
अरीश रिज़वी/गाजियाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन
बुलंदशहर के ऑनर किलिंग के नाम से चर्चित हकीम हत्याकांड ने गाजियाबाद पुलिस की नींद उड़ा दी है। आनन-फानन में जिला पुलिस ने यहां से फरार प्रेमी-युगलों की सूची तैयार की है। साथ ही पुलिस सुनिश्चित कर रही है कि इनमें से किसी की जान को खतरा तो नहीं है। छानबीन में ऐसे 55 प्रेमी-जोड़े निकले हैं, जिन पर ‘ऑनर किलिंग’ की तलवार लटकी है। इन युगल के परिजनों को एसएसपी ने मुचलका पाबंद किया है और प्रेमी जोड़ों को परिजनों से दूर रहने की सलाह दी है, ताकि उनकी जान को कोई खतरा न हो।
विज्ञापन


पुलिस के आकंड़ों के मुताबिक वर्ष 2012 में नवंबर तक जिले से 180 प्रेमी-युगल फरार हुए। इनमें से 52 प्रेमी युगल तो पुलिस ने बरामद कर लिए, जबकि 10 खुद ही वापस लौट आए। 55 ऐसे रहे, जिन्होंने शादी कर ली और अब अपने परिजनों से मुंह छुपाए घूम रहे हैं।

उन्होंने पुलिस कप्तान से जान का खतरा जताते हुए सुरक्षा की मांग की है। इनमें इंदिरापुरम थाना क्षेत्र से 7, लोनी से 9, साहिबाबाद 7, मुरादनगर 4, सिहानीगेट 9, कविनगर 4, मसूरी 5, निवाड़ी 2, मोदीनगर 2, विजयनगर 5 और भोजपुर से एक है।
विज्ञापन


एसएसपी ने थानों की पुलिस को सुरक्षा के प्रति निर्देशित किया, साथ ही परिजनों को मुचलका पाबंद कर उन्हें चेतावनी दी है। दूसरी तरफ, 63 प्रेमी जोड़े अभी भी फरार हैं, जिनका अभी कोई अता-पता नहीं है। इन युगलों के परिजनों की तरफ से थानों में लड़के के खिलाफ बहला-फुसलाकर भगा ले जाने की रिपोर्ट दर्ज है।

एसएसपी प्रशांत कुमार ने कहा कि मेरे पास जो शिकायतें आई हैं, उन युगलों के परिजनों को मुचलका पाबंद किया गया है, साथ ही स्थानीय पुलिस को उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
विज्ञापन

                                                            -
कब-कब हुई ऑनर किलिंग
7 अप्रैल 12- मुरादनगर में टैक्सी चालक की गोली मारकर हत्या
31 दिसंबर 11- विजयनगर में भाई ने गला दबाकर की बहन की हत्या
28 नवंबर-11- मसूरी में प्रेम-प्रसंग में पिता-भाइयों ने की युवती की हत्या
4 नवंबर 11- लोनी में पूर्व प्रेमिका के भाइयों ने की युवक की हत्या
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें