मुंबई की तरह कोलकाता में भी आतंकी संगठन समुद्री रास्ते से हमले के फिराक में हैं।
केंद्रीय खुफिया एजेंसियों से मिली जानकारी के बाद रक्षा मंत्रालय ने कोलकाता के खिदिरपुर बंदरगाह में आम जनता की प्रदर्शनी के लिए खड़े दो युद्धपोत को वापस बुला लिया है। इसी के साथ ही बंदरगाह के अलावा कोलकाता हवाई अड्डे और अन्य महत्वपूर्ण स्थान को लेकर भी अलर्ट जारी कर दिया गया है।
मंगलवार को सबसे पहले खुफिया जानकारी एजेंसियों ने कोलकाता पुलिस को भेजी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि विशेषकर बंदरगाह इलाके को लेकर खुफिया इनपुट मिले हैं। इसके बाद रक्षा मंत्रालय ने बंदरगाह में खड़े आईएनएस खुकरी और आईएनएस सुमित्रा को संचालन कारणों का हवाला देते हुए वापस बुला लिया।
पहले तय कार्यक्रम के मुताबिक ये 7 नवंबर तक यहां जनता की प्रदर्शनी के लिए रखे जाने थे। हालांकि रक्षा सीपीआरओ ग्रुप कैप्टन टी के सिन्हा ने कहा कि आतंकी हमले के अंदेशा के चलते इन्हें यहां से नहीं हटाया जा रहा है। लेकिन समझा जा रहा है कि शहर में अलर्ट के बाद यह कदम उठाया गया है। कोलकाता पुलिस ने हवाई अड्डे की सुरक्षा भी बढ़ा दी है।