शिवसेना के पूर्व प्रमुख बाल ठाकरे की शवयात्रा के दौरान मुंबई बंद को लेकर फेसबुक पर टिप्पणी करने वाली दो युवतियों को गिरफ्तार करने के मामले में शामिल पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
महाराष्ट्र के गृहमंत्री आर. आर. पाटिल ने शनिवार को यहां कहा कि इस मामले में जांच रिपोर्ट राज्य सरकार के पास पहुंच गई है। मैं मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण के साथ इस पर चर्चा करूंगा। अगर कोई भी पुलिसकर्मी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने साथ ही कहा कि सरकार इस मामले को पूरी गंभीरता से ले रही है। इस मामले में 21 वर्षीय शाहीन और रेनू श्रीनिवासन को गिरफ्तार किया गया था। हालांकि बाद में उन्हें जमानत पर छोड़ दिया गया था। बाद में घटना की जांच के लिए राज्य सरकार ने एक समिति गठित की थी, जिसने अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंप दी है। एक पुलिस अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि रिपोर्ट में कहा गया है कि युवतियों की गिरफ्तारी को टाला जा सकता था।